स्टेट डेस्क, रानी कुमारी।
रोहतास, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने शिवसागर प्रखंड के कुरूप पंचायत स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में नवनिर्मित खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थित छात्र-छात्राओं से बातचीत की और छात्रों द्वारा बनाए गए नए-नए विज्ञान मॉडल को देखा। छात्रों ने अपने मॉडल के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तार से बताया।
इससे पहले मुख्यमंत्री कक्षा में जाकर पढ़ाई की गुणवत्ता के बारे में छात्र-छात्राओं से बातचीत की और शिक्षकों से जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विद्यालय परिसर में जीविका, कृषि, स्वास्थ्य, ऊर्जा, ग्रामीण विकास और पंचायती राज समेत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने जिले में कुल 125 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और 52 योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें सासाराम बाईपास सड़क का भी लोकार्पण शामिल है, जिससे शहर की जाम समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि अगले मार्च तक सासाराम और औरंगाबाद शहरों को सोन नदी का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने रोहतास में नई टाउनशिप विकसित करने की घोषणा की, जिसका नाम रोहतास रखा जाएगा। साथ ही जिले को पर्यटन हब बनाने और अगले पांच वर्षों में पर्यटकों की संख्या 50 हजार से बढ़ाकर 5 लाख करने का लक्ष्य रखा।
मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु अभियान और सहयोग शिविर का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सड़क, सिंचाई और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन रुकेगा।






